अल्मोड़ा: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में छात्र निष्कासित, आरोपी गिरफ्तार
अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पॉलिटेक्निक कॉलेज दन्यां के छात्र सुहेल को तुरंत संस्थान से निष्कासित कर दिया गया। घटना की पूरी जानकारी प्राविधिक शिक्षा सचिव रुड़की और निदेशक प्राविधिक शिक्षा को भेज दी गई है।
पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं, जबकि आरोपी को न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जिला कारागार भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना पिछले गुरुवार को हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता को धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को इस बात की सूचना दी, तो उसकी जान को खतरा होगा। पीड़िता के परिवार को यह जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भगतपुर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पहले भी इसी तरह के मामलों में शामिल रहा था, लेकिन सामाजिक दबाव के कारण मामले सामने नहीं आए।
एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि नाबालिगों के खिलाफ अपराधों पर किसी भी स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।
